11 आरोपियों के विरुद्ध गैरजमानती वारंट
कैराना। दो माह पूर्व कस्बे के मोहल्ला कायस्थवाड़ा में दो पक्षों के बीच हुए पथराव और फायरिंग के मामले में फरार चल रहे 11 वांछितों के विरुद्ध अदालत से गैरजमानती वारंट जारी किए गए हैं।
तीन अगस्त को कस्बे के मोहल्ला कायस्थवाड़ा में कुरैशी बिरादरी के दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ था तथा धारदार हथियार चलने के साथ ही फायरिंग की गई थी। संघर्ष में दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने अपनी ओर से दोनों पक्षों के 14 नामजद व 10-15 अज्ञात के विरुद्घ मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमे के वादी कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि 14 नामजद आरोपियों के अलावा सात नाम जांच में प्रकाश में आए थे। कुल 21 आरोपियों में से 10 को गिरफ्तार करके चालान कर दिया गया था, जबकि मामले में 11 आरोपी इस्तकार, शमीम, तहसीम, नाजिम, नईम, मुज्जमिल, उम्मीद, हारूण, सलीम, दानिश व सैफ निवासी, मोहल्ला कायस्थवाड़ा फरार चल रहे हैं। सभी 11 आरोपियों के विरुद्ध अदालत से गैरजमानती वारंट जारी किए गए हैं।