अमर उजाला ब्यूरो
कैराना।वन विभाग की ओर से गांव मामौर में झील पर अंतरराष्ट्रीय आर्द्र भूमि दिवस के मौके पर बर्ड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। छात्रों को मामौर झील पर ले जाकर पक्षियों के बारे में जानकारी दी। झील पर कई विदेशी पक्षी भी होने का दावा किया गया है। इस मौके पर पक्षी प्रेमियों ने पक्षियों की सुरक्षा का संकल्प लिया। छात्र-छात्राओं ने चित्रकला के माध्यम से समाज को जागृत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ग्रीन इंडिया कार्पोरेशन की सहभागिता के चलते सिल्वर बेल्स स्कूल शामली, सर्वोदय कॉन्वेंट स्कूल कसेरवा, एवन स्पोर्ट्स एकेडमी मामौर से 425 विद्यार्थियों, बॉयोलोजी और फिजिकल के अध्यापकों ने प्रतिभाग किया। ग्रीन इंडिया कार्पोरेशन के निदेशक प्रोफेसर डा. उमर सैफ ने बताया कि इन दिनों सर्दी के मौसम में तीन हजार से अधिक प्रजातियों के विदेशी पक्षी झील पर पनाह लेते हैं। इनमें प्रमुख रूप से बत्ताख, पिंटेल, डॉल्टर, बारहेडीड बत्तख, शेल्डम डक्स आदि शामिल हैं। ज्यों गर्मी शुरू होती है, तो पक्षी लौटने शुरू हो जाते हैं। हमें पक्षियों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। भिन्न-भिन्न प्रजातियों के यहां पक्षी पाए जाने से झील का आकर्षण भी बढ़ता है, इसलिए हमारी जिम्मेदारी यह भी बनती हैं कि हम उनकी हिफाजत करें। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने चित्रकला के माध्यम से समाज में जागृत करने का संदेश दिया। क्षेत्रीय वनाधिकारी कैराना राकेश बालियान व वनाधिकारी ऊन योगेश चंद शर्मा ने पर्यावरण संतुलन के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद रहे।