बच्चे की मौत पर बरपा हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। स्कूल बस की चपेट में आकर दस साल के बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा काटा।
सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा के पीआरओ नरेंद्र त्यागी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। क्षेत्र के गांव मुंडेट निवासी नेत्रपाल का बेटा राजा उनका इकलौता पुत्र है। कुछ समय से वो अपने मामा सोनू के यहां ठिरवा गांव में रहा था। शनिवार दोपहर को राजा अपने मामा सोनू के साथ बाइक से कैल शिकारपुर गांव में गया था। लौटते वक्त दोनों कैल मोड़ पर पहुंचे तो सामने से बच्चों को छोड़कर आ रही कस्बे के एल्पाइन विद्यापीठ की स्कूल बस की टक्कर बाइक से लग गई। हादसे में राजा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क पर ही रखकर आरोपी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही थानाभवन, गढीपुख्ता पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया। लेकिन, परिजन नहीं माने। इसके बाद मंत्री के पीआरओ नरेंद्र त्यागी ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। देर शाम, आश्वासन के बाद ग्रामीण माने और शव उठने दिया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि स्कूल बस को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों द्वारा तहरीर दी जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज होगा।
कोट
सड़क पर बजरी पड़ी होने के कारण बस का पहिया फिसला, जिस कारण यह दुखद घटना हुई है। स्कूल प्रबंधन परिवार के साथ है और उनकी हर संभव मदद करेगा। बस चालक भी काफी पुराना है और आज तक कोई शिकायत नहीं मिली।
संदीप बंसल, प्रधानाचार्य एल्पाइन विद्यापीठ