फ्लूड बेचने वालों पर कसेगा शिकंजा
शामली
युवा पीढ़ी में नशे की लत बढ़ रही है, जिसमें फ्लूड से नशा करना भी सामने आ रहा है। इसके चलते पुलिस ने अब फ्लूड (व्हाइटनर) बेचने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुकानदार को फ्लूड बेचने का रिकार्ड रखना होगा। समय समय पर पुलिसकर्मी रिकार्ड चेक करेंगे।
पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने बताया कि नशे की लत की वजह से आपराधिक घटनाओं में भी इजाफा होता है। उन्हें सूचनाएं मिल रही हैं कि फ्लूड का प्रयोग भी नशे के रूप में किया जा रहा है, जबकि फ्लूड को व्हाइटनर के तौर पर कॉपी में लिखे शब्दों को मिटाने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अभिलेखीय कार्यों में फ्लूड का प्रयोग कम हुआ है, लेकिन इसकी बिक्री फिर भी बढ़ रही है, जिस कारण आशंका है कि फ्लूड का इस्तेमाल नशे में ज्यादा होने लगा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फ्लूड के अलावा स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की अवैध रूप से बिक्री करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। इसके लिए पुलिस मॉनिटर को भी जिम्मेदारी दी गई है, जो अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचने वालों की निगरानी करेंगे। यदि इस कार्य में पुलिसकर्मी लापरवाही बरतेंगे, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।