शामली। शामली पहुंचे सहायक निदेेशक स्वास्थ्य सहारनपुर ने डीपीएम यूनिट पर कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का एक भी फार्म अभी तक अपलोड नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और जल्द ही समस्या समाधान के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को एडी हेल्थ सहारनपुर सत्य सिंह शामली सीएमओ ऑफिस पहुंचे। उन्होंने सीएमओ ऑफिस पर निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ ने उन्हें प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के बारे में अवगत कराया। बताया कि पहले बच्चे वाली गर्भवती महिला को इस योजना के तहत पांच हजार रुपये दिए जाने है। महिला का एएनएम द्वारा पंजीकरण किए जाने पर एक हजार रुपये, उसके बाद गर्भ के छह महीने बाद महिला की कम से एक जांच होने पर दो हजार रुपये, फिर बच्चा चाहे सरकारी अस्पताल में हो या फिर प्राइवेट अस्पताल में फिर दो हजार रुपये लाभार्थी महिला के खाते में सीधे भेजे जाएंगे। एडी हेल्थ इसके बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने यहां पर योजना की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पता चला कि एक भी लाभार्थी महिला का फार्म अभी तक ऑनलाइन अपलोड नहीं किया गया है। जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। इस दौरान अधिकारियों द्वारा तर्क दिया गया कि अभी तक लखनऊ से ही शामली का लॉग इन आईडी और पासवर्ड नहीं दिया गया था। बुधवार को लखनऊ में हुई मीटिंग में पासवर्ड मिल गया। अब फार्म अपलोड कर दिए जाएंगे। बैठक के दौरान सीएमओ डाक्टर राजकुमार, पीएमएमवीवाई योजना के शामली के नोडल डाक्टर सुशील कुमार, डीसीपीएम फइम अहमद मौजूद रहे।
शामली में चुनी गई अभी तक 989 महिलाएं
पूरे जिले में इस योजना के तहत शामली में अभी तक 989 महिलाओं के फार्म एएनएम तथा आशाओं ने भरवाए है। इन महिलाओं का यह पहला बच्चा है। इसके अलावा एडी हेल्थ ने कहा कि कोई भी पात्र महिला इस योजना से वंचित ना रह जाए।