बेरोजगारी का यह आलम है कि गार्ड की नौकरी पाने के लिए भी एमए और एमएससी पास छात्र लाइन में लगने को मजबूर हैं। शामली के ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज में लगे रोजगार मेले में मंगलवार को यही हाल देखने को मिला। गार्ड की नौकरी के लिए शैक्षिक योग्यता 10 वीं और सुपरवाइजर के लिए 12 वीं रखी गई थी, जबकि लाइन में एमए और एमएससी पास अभ्यर्थी भी लगे हुए थे। वहीं, आईटीआई और पॉलीटेक्निक कर चुके युवक भी गार्ड और सुपरवाइजर बनने को लाइन में डटे हुए थे।
श्रम एवं सेवायोजन विभाग के निर्देश पर मंगलवार को शामली के ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज में रोजगार मेला लगाया गया। रोजगार कार्यालय में पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों को ही मौका दिया गया, जिसके लिए एसआईएस सिक्योरिटी कंपनी के अधिकारियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। शामली जनपद के लिए 225 सीटें दी गई। जिसमें 200 गार्ड और 25 सुपरवाइजर के लिए थी। सुबह 11 बजे ही रोजगार मेले में बेरोजगारों की भीड़ उमड़ पडी। इस दौरान नौकरी के लिए एमएससी पास कादिर निवासी गांव सिक्का, और एमए पास सुशील निवासी भिक्का माजरा के अलावा पॉलीटेक्निक कर चुके राहुल और कई युवक आईटीआई तथा बीए पास कर चुके युवक भी मिले।
पंजीकरण कराने के बाद अभ्यर्थियों की आयु का प्रमाण पत्र देखते हुए शारीरिक मापतौल की गई। सफल अभ्यर्थियों को कमरे में बैठाकर 100 अंकों की परीक्षा आयोजित कराई गई। भर्ती अधिकारी अनंत कुमार ने बताया कि गार्ड के लिए 30 अभ्यर्थी और सुपरवाइजर के लिए पांच आवेदकों का चयन किया गया। सभी को ज्वाइनिंग लेटर दे दिया गया है। इसके बाद अब सभी अभ्यर्थी 23 सितंबर को देहरादून ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। गार्ड का प्रशिक्षण एक माह और सुपरवाइजर का तीन माह चलेगा। इसके बाद अलग अलग जगह तैनाती दी जाएगी। इस दौरान सेवायोजन कार्यालय से प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे।
10 वीं पास कर सकेंगे निशुल्क पॉलीटेक्निक
मुजफ्फरनगर सेेवायोजन कार्यालय से आए प्रदीप कुमार ने बताया कि कक्षा 10 विज्ञान से पास करने वाले छात्रों को निशुल्क पॉलीटेक्निक कराई जाएगी। उन्होंने ऐसे सभी इच्छुक छात्रों से सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण कराने के लिए कहा है, जिनकी आयु 20 वर्ष से कम हो। इंटर पास छात्र भी पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 50 पंजीकरण होने के बाद रुद्रपुर की कंपनी परीक्षा लेने आएगी। पॉलीटेक्निक करने के दौरान तीन वर्ष तक प्रतिमाह करीब आठ हजार रुपये मानदेय मिलेगा तथा पॉलीटेक्निक पूर्ण होने पर कंपनी में नौकरी मिलेगी।