संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। हरिद्वार कांवड़ मेला 2022 के मद्देनजर सहारनपुर रीजन से यूपी रोडवेज की 100 बसें हरिद्वार के लिए चलाई जाएंगी। रीजन मुख्यालय पर यूपी रोडवेज की बसों के संचालन के लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसके चलते शामली शहर में चलने वाले वाहनों की गति को काबू किया जाएगा। शहर में बीस और हाईवे पर पचास किमी प्रतिघंटा की गति पर वाहन संचालित किए जाएंगे। शहर के रेलवे स्टेशन, बस अड्डे व मुख्य चौराहों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे।
गुरु पूर्णिमा के बाद 15 जुलाई से सावन शुरू हो जाएगा। इसी दौरान राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा के कांवड़ियों का आगमन शुरू हो जाएगा। इसके मद्देनजर शहर और कांवड़ मार्ग पर यूपी रोडवेज और प्राइवेट बसों की स्पीड पर ब्रेक लगा दिया गया है। कांवड़ के दौरान शहरी क्षेत्र में बीस और कांवड़ मार्ग पर पचास किमी की गति से रोडवेज प्राइवेट बसें संचालित होंगी। शहर के दिल्ली रोड स्थित बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, शहर के सुभाष चौक, गुरुद्वारा, फव्वारा चौक, विजय चौक से लेकर कैराना यमुना ब्रिज और विजय चौक से लेकर बिड़ौली यमुना पुल तक सीसीटीवी लगाए जाएंगे। यूपी रोडवेज के सहारनपुर रीजन के आरएम अनिल कुमार ने बताया कि हरिद्वार कांवड़ मेले के दौरान सहारनपुर रीजन से यूपी रोडवेज की 100 बसें हरिद्वार के लिए संचालित की जाएंगी। कांवड़ यात्रा के लिए यूपी रोडवेज के लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
गोर्वधन मेले में जाएंगी एक हजार बसें
आरएम सहारनपुर अनिल कुमार ने बताया कि हरिद्वार कांवड़ मेला 15 जुलाई से शु्रू हो जाएगा। कांवड़ मेला और मथुरा तथा गोवर्धन मेले के लिए 20-21 जुलाई को एक हजार बसें मांगी गईं। गोवर्धन मेले में गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, अलीगढ़ जिलों से मथुरा-गोवर्धन मेले में जाने के लिए यूपी रोडवेज बसों को भेजने का दबाव रहता है।
ट्रांसफार्मरों की होगी बेरिकेडिंग
हरिद्वार कांवड़ मार्ग पर लालूखेड़ी से कैराना यमुना ब्रिज, विजय चौक से लेकर बिड़ौली यमुना ब्रिज तक खुले में रखे ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग जिले के विद्युत वितरण खंड कराएंगे। 14 जुलाई तक ट्रांसफामर्रों की बैरिकेडिंग कराने के डीएम जसजीत कौर ने निर्देश दिए हैं।
हरिद्वार कांवड़ स्पेशल ट्रेन का संचालन तय नहीं
उत्तर रेलवे के डीआरएम के मुताबिक हरिद्वार कांवड़ मेला 2022 में दिल्ली से हरिद्धार के लिए स्पेशल कांवड़ ट्रेन के संचालन के लिए तय नहीं है। हरिद्वार कांवड़ स्पेशल ट्रेन के कार्यक्रमों को देखकर वह जानकारी देंगे।
सावन में आने वाले सोमवार
- प्रथम सोमवार 18 जुलाई
- दूसरा सोमवार 25 जुलाई
- सावन की शिवरात्रि 26 जुलाई
- तीसरा सोमवार 01 अगस्त
- चौथा सोमवार 8 अगस्त