तिलहर पुलिस की हिरासत में रामू कश्यप। संवाद
- फोटो : 1
तिलहर। प्रेमिका से शादी करने की जिद पूरी करने के लिए सोमवार को सुबह कछियानी खेड़ा के पास 110 मीटर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर सात घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा करने के आरोपी कपसेड़़ा गांव के रामू कश्यप का पुलिस ने मंगलवार को शांति भंग में चालान कर दिया।
सोमवार को सुबह आठ बजे टावर पर चढ़ा रामू पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की काफी मान-मनौवल के बाद अपराह्न तीन बजे के बाद नीचे उतरते ही बेहोश हो गया था। चूंकि, टावर लखनऊ-दिल्ली हाईवे के किनारे लगा है। इसलिए वहां तमाशबीनों का जमावड़ा लगने पर हाईवे की एक लेन पर यातायात बाधित हो गया था।
मंगलवार को पुलिस ने रामू का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे स्वस्थ पाए जाने पर उसका शांति भंग में चालान कर दिया। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि रामू के खिलाफ सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने के आरोप में कार्रवाई की गई है। संवाद