अल्हागंज (शाहजहांपुर)। किसी बात से नाराज होकर घर से निकले फर्रुखाबाद के सेठ गली निवासी शालू वर्मा मंगलवार की शाम करीब सात बजे रामगंगा पुल के पास पहुंचे और स्कूटी वहीं रोककर नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल के साथ थाना प्रभारी ओम प्रकाश पहुंच गए।
पुलिस ने बिना समय गंवाए युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। उपनिरीक्षक अजय कुमार के साथ कस्बा निवासी दीपक सिंह और धर्मेंद्र सिंह ने तलाश शुरू की। करीब एक किमी आगे जाकर अजय ने नदी में छलांग लगा दी और बह रहे शालू वर्मा को डूबने से बचा लिया। उसे नदी से सकुशल बाहर निकाल लाए।
उनके सुरक्षित बाहर आने पर मौके पर मौजूद परिजनों ने राहत की सांस ली और शालू के भाई ने पुलिस का आभार जताया। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि नदी में युवक के कूदने की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि नदी में कूदे युवक को सकुशल निकाल लिया गया है। संवाद