शाहजहांपुर। चौक कोतवाली की राजघाट चौकी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक युवक ने गर्रा पुल से नदी में छलांग लगा दी। बाढ़ के दौरान नदी में तैनात नाविक की तत्परता से उसकी जान बच गई। नाविक ने नदी में डूब रहे युवक को करीब तीन-चार मिनट की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। युवक ने पूछताछ में आधार कार्ड में नाम संशोधन न होने से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात बताई।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। रोजा क्षेत्र के बल्लिया गांव निवासी अफताब गर्रा पुल पर पहुंचा। कुछ देर इधर-उधर देखने के बाद वह रेलिंग पर चढ़ गया और नदी में छलांग लगा दी। युवक को नदी में गिरता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास घाट पर बाढ़ के दौरान तैनात नाविक ने तुरंत नदी में नाव लेकर युवक की ओर बढ़ाई।
उसने करीब तीन-चार मिनट की मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला और नाव पर बैठाकर किनारे ले आया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने युवक से पूछताछ की।
अफताब ने बताया कि आधार कार्ड में उसका नाम अंग्रेजी में सही दर्ज है, लेकिन हिंदी में नाम गलत है। संशोधन कराने के लिए वह कई बार चक्कर लगा चुका था। इससे वह काफी परेशान हो गया था। पुलिस ने युवक को समझाते हुए कहा कि आधार कार्ड की गलती ठीक कराई जा सकती है। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि युवक को समझाकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।