जलालाबाद। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर शुक्रवार शाम गांव खाईखेड़ा से चंदेयुरा बहादुरपुर जाने वाली सड़क पर दो बाइकों के बीच आमने-सामने हुई टक्कर में एक बाइक चालक 20 वर्षीय सुनील की मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया।
गांव खेड़ा बहादुरपुर निवासी रामकुमार का बेटा सुनील खाईखेड़ा से कुछ सामान लेने के बाद शाम करीब सात बजे गांव लौट रहा था। इस दौरान विपरीत दिशा से आई दूसरी बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक का चालक गिरकर चोटिल होने के बावजूद मौके से चला गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सुनील को सीएचसी भिजवाया। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, सुनील पांच भाइयों में सबसे छोटा थे। हिमाचल प्रदेश में रहकर मजदूरी करता था। दो दिन पहले ही अपने गांव आया था। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।