शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिवार वालों ने खाली ऑक्सीजन सिलिंडर लगाने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे मामले को शांत कराया। वहीं, मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने आरोप निराधार बताए हैं।
जनपद लखीमपुर खीरी के थाना मैगलगंज क्षेत्र के गांव औरंगाबाद निवासी मनोज सक्सेना की 19 वर्षीय बेटी शिवानी सक्सेना को 18 अप्रैल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। शिवानी को टीबी की बीमारी थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे शिवानी की मौत हो गई। इसके बाद मृतका की मां सुनीता सक्सेना ने मेडिकल कॉलेज स्टाफ पर खाली ऑक्सीजन सिलिंडर लगाने से सांस न मिल पाने के चलते मौत का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। सुनीता का आरोप था कि रात्रि में शिवानी को सांस नहीं आ रही थी, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक और नर्स से कहा तो उन्होंने खाली ऑक्सीजन सिलिंडर लगा दिया। हालत बिगड़ने पर वे हाथ जोड़कर मिन्नतें करती रहीं लेकिन किसी ने नहीं सुनी। सूचना पर अजीजगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन को शांत कराया। इसके बाद वे लोग बिना किसी कार्रवाई के शव लेकर चले गए। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एमपी गंगवार का कहना है कि ऑक्सीजन सिलिंडर खाली नहीं था। सिलिंडर का मीटर गड़बड़ था। शिवानी को जब भर्ती कराया था, तभी परिवार वालों को बता दिया गया था कि उसकी हालत गंभीर है। टीबी और पूर्व में हुई हेड इंजरी के चलते उसकी मौत हुई है।