शाहजहांपुर। चलती ट्रेन पर चढ़ते वक्त युवक पायदान पर पैर रखते ही फिसल गया। जीआरपी ने ट्रेन के नीचे आने से गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीतापुर जिले के थाना इमलिया के गांव ढकिया निवासी महेश के 23 वर्षीय पुत्र अंकित दिल्ली में तिरपाल बनाने वाली फैक्टरी में मजदूरी करते थे। वह होली पर घर आए थे। सोमवार को दिल्ली जाने के लिए आनंद विहार एक्सप्रेस पर सवार हुए। रात करीब 11 बजे शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर ट्रेन रुकी तो वह पानी लेने के लिए नीचे उतरे।
जीआरपी के अनुसार, इतने में ट्रेन चल दी। चलती ट्रेन पर चढ़ते वक्त अंकित का पैर फिसल गया। वह ट्रेन के नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जीआरपी के एसआई जैद सिद्दीकी ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान अंकित ने दम तोड़ दिया। अंकित के पास मिले आधार कार्ड के जरिये परिजनों से संपर्क साधा गया। परिजन के अनुसार, वह पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी शादी नहीं हुई थी।