शाहजहांपुर। ई-रिक्शा से उतरी गर्भवती महिला ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन गेट पर मृत बच्चे को जन्म दिया। सूचना पर पहुंचे स्वास्थ्यकर्मियों ने महिला को अंदर लाकर भर्ती कराया। उसकी हालत ठीक है।
रोजा थाना क्षेत्र के मठिया काॅलोनी निवासी ट्रक चालक धर्मेंद्र की 25 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी छह माह की गर्भवती थीं। कुछ दिनों से उन्हें पेट में दर्द हो रहा था। सोमवार को लक्ष्मी राजकीय मेडिकल कॉलेज से दवा लेकर गईं थीं। बुधवार की सुबह जब उन्हें पेट में दर्द हुआ तब वह सात वर्षीय बेटी और ननद नीरज के साथ ई-रिक्शा से राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए चल दीं।
दोपहर करीब 12 बजे निर्माणाधीन गेट के पास पहुंचते ही उन्हें तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। उन्होंने गेट के पास ही मृत बच्चे को जन्म दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत अंदर आकर स्टाफ को जानकारी दी। सूचना पर मेडिकल कॉलेज से आए स्टाॅफ के लोग गेट पर पड़े बच्चे के शव को ट्रे पर रखकर अंदर ले गए।
महिला को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि महिला की मेडिकल काॅलेज गेट के बाहर ही डिलीवरी हो गई। वह मेडिकल काॅलेज नहीं पहुंच पाई थी। उसकी हालत ठीक है। अपील है कि ऐसी परिस्थितियों में जल्द ही अस्पताल लेकर आएं ताकि परेशानी का सामना न करना पड़े।