शहर के बरेली मोड़ चौराहे पर सड़क को घेरे खड़े डग्गामार वाहन। संवाद
शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे के बरेली मोड़ चौराहा पर डग्गामार वाहनों से यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई है। मार्ग के बीचों-बीच वाहन खड़े करके उनके चालक यात्रियों को बुलाने चले जाते हैं। इस कारण पीछे से आने वाले वाहन जाम में फंस जाने से लोग परेशान होते हैं। कहने को यातायात पुलिस और चौक कोतवाली पुलिस की ड्यूटी भी लगती हैं, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है।
बरेली मोड़ चौराहा पर शहर समेत तिलहर, कांट, जलालाबाद, रोजा की ओर ले जाने के लिए करीब 100-125 डग्गामार वाहन हर वक्त खड़े रहते हैं। चालक यात्री भरने के लिए वाहनों को मार्ग के बीच कई कतारें बनाकर रोक देते हैं। ऐसे में शहर से जलालाबाद मार्ग अथवा अन्य मार्गों से शहर के अंदर जाने वालों के वाहन जाम में फंस जाते हैं।
इस कारण राजकीय मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाली एंबुलेंस और रोडवेज की बसें भी जाम में फंस जातीं हैं। चालकों से अपने वाहन हटाने के लिए कहने पर वे राहगीरों से विवाद और मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। यातायात पुलिस के प्रभारी विनय पांडेय के अनुसार पहले वाहन चालकों की बैठक बुलाकर उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। इसके बाद निर्देशों की अवहेलना होने पर वाहन सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। संवाद