शाहजहांपुर के दमोलिया गांव में सरकारी नल से पानी लेने को लेकर दो महिलाओं के बीच हुए विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर एक महिला को मौत के घाट उतार दिया।
उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिला के दमोलिया गांव में मामूली विवाद के बाद 30 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि विवाद सरकारी नल से पानी लेने को लेकर हुआ था।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि 30 अगस्त को लड़ैती देवी और रचना में सरकारी नल से पहले पानी लेने को लेकर हुए विवाद के बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। दोनों महिलाओं में विवाद के बाद कुछ लोगों ने लड़ैती देवी को लाठियों से पीट दिया।
पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उनमें से रेबाड़ी, सुनील और छेदालाल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अजय फरार चल रहा है।