तिलहर (शाहजहांपुर)। शाहजहांपुर और तिलहर के बीच फिरोजपुर गांव के पास सोमवार शाम 22489 मेरठ सिटी वंदेभारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से रेलवे लाइन किनारे बकरियां चरा रहीं मुन्नी देवी (55) की मौत हो गई। उनके साथ बकरियां चरा रहीं दो अन्य महिलाएं भी घायल हो गईं। हादसे में 16 बकरे-बकरियां भी ट्रेन की चपेट में आकर मर गए। हादसे के बाद ट्रेन करीब पांच मिनट तक खड़ी रही।
गांव निवासी वेदप्रकाश की पत्नी मुन्नी देवी, गया प्रसाद की पत्नी मुन्नी देवी और भगवानदास की पत्नी रामश्री के साथ रुद्र फाटक के पास बकरियां चरा रहीं थीं। शाम करीब 4:40 बजे वंदेभारत एक्सप्रेस वहां से गुजरी। इसी दौरान वेदप्रकाश की पत्नी मुन्नी देवी ट्रेन की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। साथ मौजूद दोनों महिलाएं भी घायल हो गईं।
माना जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पर पहुंचीं बकरियों को बचाने के प्रयास में महिला ट्रेन की चपेट में आई। हादसे के बाद लोको पायलट ने ट्रेन रोककर आगे के हिस्से की जांच की। ट्रैक पर पड़े मृत जानवरों को किनारे करने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान करीब पांच मिनट तक ट्रेन खड़ी रही।
पुलिस के अनुसार, घायल महिलाओं को तिलहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका के शव को परिजन घर ले गए। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई। शाहजहांपुर से रेलवे पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई।
मुन्नी देवी की मौत से परिवार में मातम छा गया। वह अपने पीछे पति वेदप्रकाश, बेटियां द्रोपदी, पूजा, प्रेमलता और मंजू तथा पुत्र राजकुमार को छोड़ गई हैं। वहीं, सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि तिलहर क्षेत्र में हादसे की जानकारी मिली है। टीम को मौके पर भेजा गया है।
लखनऊ के बाद बरेली में है ट्रेन का ठहराव
वाराणसी जंक्शन से मेरठ सिटी जंक्शन जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस शाहजहांपुर में रनथ्रू गुजरती है। लखनऊ के बाद ट्रेन का बरेली में ठहराव है। ट्रेन के बरेली पहुंचने का निर्धारित समय शाम 5:13 बजे है। हादसे के कारण सोमवार को ट्रेन 5:37 बजे बरेली पहुंची।
मंगलवार को होगा पोस्टमार्टम
सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि रेलवे से आए मेमो के आधार पर पुलिस को गांव भेजा गया था। मृतका की बेटियां दूसरे जनपद में रहती हैं। मंगलवार को उनके आने के बाद पंचायतनामा भरकर शव का पोस्टमाॅर्टम कराया जाएगा।
मुन्नी का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन