मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के संतोषपुर गांव निवासी अमन की पत्नी 22 वर्षीय रामबेटी की सोमवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बरेली के भुता थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुर आगरा निवासी शंकरलाल ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने तीन साल पूर्व अपनी बेटी रामबेटी की शादी मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम संतोषपुर निवासी अमन के साथ की थी। बेटी को उसकी ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।
आरोप है कि सोमवार रात उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। ग्रामीणों से मिली सूचना पर जब बेटी की ससुराल गए तो देखा बेटी का शव जमीन पर पड़ा था। उसके शरीर में चोट के निशान थे। पूछने पर बेटी की ससुराल वाले झगड़ा करने पर उतारू हो गए। प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।