निगोही में शारदा के शव को देख बिलख पड़े उसके परिजन। संवाद
शाहजहांपुर। निगोही के संडा खास गांव की रहने वाली 24 वर्षीय शारदा की बृहस्पतिवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पिता ने बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पति ने पत्नी की मौत का कारण बीमारी बताया है।
पीलीभीत जिले के बरखेड़ा के रहने वाले श्रीकृष्ण ने बताया कि 26 मई 2022 को बेटी की शादी निगोही थाना क्षेत्र के संडा खास गांव निवासी हरीशचंद्र के साथ की थी। ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट नहीं थे। दहेज में बुलेट बाइक व दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर आए दिन परेशान करते थे।
13 जून को शहर के एक निजी अस्पताल में बेटी ने ऑपरेशन से बेटे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों की हालत ठीक थी। आरोप लगाया कुछ दिन बाद बच्चे और बृहस्पतिवार की रात बेटी की हत्या कर दी गई। वहीं, पति हरीशचंद्र का कहना है कि पत्नी को मौत गंभीर बीमारी से हुई। पत्नी को खून की उल्टी आई थी। रात करीब सवा 11 बजे जब पत्नी को लेकर सीएचसी पहुंचे तो डाॅक्टर ने चेकअप कर मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि आरोप के आधार पर महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।