कलान (शाहजहांपुर)। बदायूं जिले के थाना हजरतपुर क्षेत्र के ग्राम बघिउरा निवासी सुरजीत की 27 वर्षीय पत्नी किरन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह अपने पति के मामा के घर पिलुआ गांव में रह रहीं थीं। मृतका के भाई ने हत्या की आशंका जताई है।
थाना मदनापुर क्षेत्र के ग्राम गुलाऊ निवासी जितेंद्र ने बताया कि बहन किरन की शादी छह साल पूर्व सुरजीत के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही बहन का पति और उसके घरवाले बहन को दहेज के लिए परेशान करने लगे।
करीब आठ माह से बहनोई सुरजीत उनकी बहन किरन को लेकर कलान थाना क्षेत्र के गांव पिलुआ में अपने मामा के यहां रहने लगे। आरोप है कि बहनोई और उसके मामा दहेज में 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। एक जुलाई की रात 10 बजे बहन की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। कहा था कि बहन बदायूं के एक निजी अस्पताल में भर्ती है।
सोमवार को बहन की मौत हो गई। आशंका है कि बहन की हत्या की गई है। मृतका के दो बेटे अमरजीत व किशन व एक आठ माह की बेटी है। सीओ जलालाबाद ज्योति यादव ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
महिला की संदिग्ध हालात में मौत, फंदे से लटका मिला शव
शाहजहांपुर। सिंधौली के उमरिया गांव निवासी 46 वर्षीय मीरा देवी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बृहस्पतिवार की शाम उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
मृतका के बेटे अंकुल ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह नाश्ता करने के बाद परिवार के सभी सदस्य खेत पर धान की रोपाई करने के लिए चले गए। मां मीरा देवी दूसरे मकान में अकेलीं थीं। इस बीच उन्होंने कमरे में पड़ी धन्नी में रस्सी से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। शाम को जब परिवार के लोग खेत से लौटकर आए तब मां को फंदे से लटका देख सभी के होश उड़ गए।
अंकुल के मुताबिक, घर पर न कोई विवाद था और न कोई परेशानी थी। मीरा देवी के शव को देख परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद
प्रताड़ित किए जाने पर युवक के आत्महत्या करने का आरोप
जलालाबाद। मोहल्ला जमदग्निनगर में बुधवार की रात 22 वर्षीय केशव शर्मा की मौत को लेकर परिजनों ने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति पर उधार की रकम को लेकर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। घरवालों के अनुसार इसी बात से क्षुब्ध होकर केशव ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच कर रही है।
केशव की मां अनीता देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पुत्र ने मोहल्ले में एक खाना बनाने वाले कारीगर से दो माह पहले एक हजार रुपये उधार लिए थे। केशव ने उसे ब्याज सहित 3500 रुपये वापस कर दिए। इसके बाद भी वह उससे ब्याज की रकम बकाया बताकर परेशान करता था। उन्होंने कुछ लोगों से पंचायत कराई।
इस दौरान केशव ने कारीगर को ब्याज की शेष रकम भी दे दी। उनका आरोप है कि गत एक जुलाई को कारीगर ने केशव को सरैंया मोड़ पर बुलाकर पीटा और रकम बकाया होने की बात करके उसका मोबाइल छीन लिया। तब से बेटा काफी परेशान था और इसी वजह से उसने फंदे पर लटक कर जान दे दी। पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार की शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में केशव की मौत का कारण हैंगिंग आया है। तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है। संवाद