बंडा। प्रसव के दूसरे दिन गांव तिदुआ नगरिया निवासी अमित कुमार की 22 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी देवी की मौत हो गई। मायके वालों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर लक्ष्मी को 19 जुलाई को पुवायां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार को लक्ष्मी ने बच्चे को जन्म दिया। हालत बिगड़ने पर बरेली ले जाते समय लक्ष्मी की रास्ते में मौत हो गई। नभीची गांव निवासी मृतका के पिता वासुदेव ने आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।
बताया कि बेटी लक्ष्मी देवी की शादी दो साल पूर्व की थी। ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर बेटी को परेशान करते थे। उसके साथ मारपीट करते थे। बेटी का सही इलाज नहीं कराया गया। सोमवार शाम बेटी को बरेली ले जाने की जानकारी मिली। बीसलपुर पहुंचते ही बेटी की मौत की सूचना मिली। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।