आदित्य का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
जलालाबाद। गांव नगरिया भूड़ में म्यूजिक सिस्टम बंद करने को लेकर मामूली बात पर भाइयों के बीच विवाद हो गया। एक भाई ने दूसरे पर गोली चली दी, जो उसके तीन साल के भतीजे आदित्य को लग गई। मासूम की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी पत्नी के साथ भाग गया।
गांव का शिवरतन अपने तीन साल के इकलौते बेटे आदित्य के साथ मकान में रहते थे। उसी मकान में उनके सात भाई अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका छोटा भाई बलराम बिजली निगम के ठेकेदार के अधीन कार्य करता है। बुधवार को वह शराब पीकर आया और ठेकेदार से रुपयों के लेन-देन को लेकर फोन पर बात कर रहा था। मकान में दूसरा भाई सहदेव तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बजाकर गाने सुन रहा था।
बलराम ने गाने बंद करने को कहा तो उसने मना कर दिया। इससे नाराज बलराम ने घर से सीढ़ी उठाई और बिजली के खंभे पर लगाकर कनेक्शन काट दिया। इससे मकान की बिजली गुल हो गई। बिजली जाने से सबमर्सिबल बंद होने से शिवरतन की पत्नी ने विरोध किया। इस पर देवर-भाभी में विवाद हो गया। बताते हैं कि शिवरतन ने भी नाराजगी जताई। तभी बलराम ने तमंचे से गोली चला दी, जो वहीं पर मोबाइल से खेल रहे शिवरतन के तीन साल के बेटे आदित्य के सीने में लग गई। घटना के बाद हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत ही उसे लेकर सीएचसी गए। जहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन दिन पहले बलराम के घर आई थीं खुशियां
-बलराम ने गांव की एक युवती से प्रेम संबंध के बाद अदालत में विवाह किया था। तीन दिन पहले ही बलराम की पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया था। वह उसे घर लेकर आया था। बुधवार को उसने गोली चलाई तो पहले मोबाइल पर लगी, फिर भतीजे आदित्य के लग गई। उसे घायल देखकर बलराम पत्नी और बच्चे को लेकर मौके से भाग गया।
-दो भाइयों में विवाद होने के बाद गोली चली थी। गोली लगने से बच्चे की मौत हुई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मनोज अवस्थी, एसपी देहात