कनाडा में मंदिर और हिंदू समुदाय पर खालिस्तान समर्थकों के हमले से हिंदू संगठनों में आक्रोश है। शाहजहांपुर में कार्यकर्ताओं ने कनाडा के प्रधानमंत्री का पुतला जलाकर विरोध जताया।
कनाडा में मंदिर व हिंदू समुदाय पर खालिस्तान समर्थकों के हमले से आक्रोशित हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने वहां के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो का पुतला फूंका। राष्ट्रपति के नाम प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन देकर हिंदू समुदाय को सुरक्षा और हमलावरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
विज्ञापन
शाहजहांपुर में हिंदू महासभा भारत की ओर से कार्यकर्ताओं ने कनाडा के प्रधानमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। खालिस्तान समर्थकों के खिलाफ भी नाराजगी जताई। हिंदूवादी नेता राजेश अवस्थी ने कहा कि हिंदुओं पर होने वाले हमलों की जमकर भर्त्सना की जानी चाहिए। कनाडा के प्रधानमंत्री अगर अपने देश के हिंदुओं की रक्षा नहीं कर सकते तो उन्हें कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत को यह मुद्दा संयुक्त राष्ट्र में भी उठाना चाहिए। भारत सरकार को कनाडा में रहने वाले हिंदुओं की रक्षा के लिए हरसंभव कड़े कदम उठाने चाहिए। साथ ही खालिस्तान समर्थकों के खिलाफ भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारे भी लगाए।