फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गेहूं बेचने के लिए खुटार के किसान परेशान

विज्ञापन
पुवायां में एसडीएम के स्टेनो को ज्ञापन देते भाकियू कार्यकर्ता - फोटो : POWAYAN
विज्ञापन
पुवायां। खुटार कस्बे के किसानों का गेहूं खरीद में ध्यान नहीं रखा गया है। खुटार ब्लॉक में आठ सेंटर लगाए गए हैं, लेकिन इसमें एक भी सेंटर खुटार कसबे और कसबे के आसपास नहीं लगाया गया है। बड़ा सवाल है कि खुटार के किसान गेहूं को बेचने कहां जाएंगे।
विज्ञापन

पुवायां तहसील क्षेत्र में कुल 69 सेंटरों पर गेहूं खरीद की तैयारी की गई है। इसमें तमाम सेंटर शुरू भी हो चुके हैं। पुवायां ब्लॉक में 23, बंडा ब्लॉक में 24, सिंधौली में 13 और खुटार ब्लॉक में नौ सेंटर स्वीकृत हुए हैं। पुवायां कसबे के किसानों और आसपास के गांवों के किसानों के लिए पुवायां मंडी में 11 सेंटर लगाए गए हैं। इस प्रकार बंडा कसबे और आसपास के किसानों के लिए बंडा मंडी में नौ सेंटर लगाए गए हैं।
खुटार में उप मंडी स्थल नहीं है। खुटार ब्लॉक में आरएफसी का एक सेंटर खमरिया और एक सेंटर प्रसादपुर में स्वीकृत है। पीसीएफ के एसएस बाजपुर शाखा खानपुर, एसएस बाजपुर शाखा नवदिया गद्दी, एसएसएस मलिका, पीसीसू की ओर से साधन सहकारी समिति लिमिटेड लालपुर शाखा गढ़िया सरेली, यूपीएसएस के सहकारी संघ खुटार एट छापाबोझी और साधन सहकारी समिति लिमिटेड चांदपुर शाखा लड़ती में सेंटर स्वीकृत हुए हैं। इसमें खुटार कसबे से सबसे करीब का सेंटर लालपुर का तीन किमी दूरी पर है।
विज्ञापन

सहकारी संघ खुटार के पास पर्याप्त स्थान होने के बाद भी यहां का सेंटर छापाबोझी में लगाए जाने को किसानों को गलत बताया है। किसान रामाधार तिवारी, मिलन मिश्रा आदि ने बताया कि गांव के सेंटरों पर गेहूं ले जाने पर सेंटर इंचार्ज खरीदने में आनाकानी करते हैं। धान खरीद में हुई समस्या इसकी गवाह है। खुटार में सेंटर लगाए नहीं गए हैं, जबकि कसबे में किसानों की बड़ी संख्या है। ऐसे में कसबे का किसान गेहूं कहां ले जाएगा। प्रशासन की इस ओर तत्काल ध्यान देकर सेंटर को खुटार कसबे में लगवाने की व्यवस्था करनी चाहिए।
भाकियू ने दिया ज्ञापन, गेहूं खरीद में समस्याओं पर दिलाया ध्यान
पुवायां। भाकियू टिकैत गुट और भानु गुट की ओर से मंगलवार को एसडीएम की अनुपस्थिति में एसडीएम के स्टेनो को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में गेहूं खरीद में आ रही समस्याओं को उठाते हुए निराकरण की मांग की गई है। कहा गया है कि, लेखपाल गेहूं के सत्यापन में हीलाहवाली कर रहे हैं, जिससे किसान परेशान हैं। इसके अलावा बंडा मंडी में एसएमआई आरके सोनकर और सुधा भार्गव काफी समय से तैनात हैं। उनको हटाया जाए।
ऑनलाइन पंजीकरण को सरल बनाने, पुवायां मंडी में लगे सोहम उपभोक्ता सहकारी समिति और जन कल्याण उपभोक्ता सहकारी समिति के सेंटरों पर पूर्व में की गई धान खरीद की जांच कराने की मांग भी की गई है। ज्ञापन देने के समय महेंद्रपाल सिंह यादव, जसपाल सिंह, सोनपाल सिंह, रघुवीर सिंह, अनिल सिंह यादव, प्रदीप कुमार, गुरविंदर सिंह, नीरज वर्मा, इरफान, नीलेश पटेल, त्रिलोक सिंह, मनोज कश्यप सहित तमाम किसान मौजूद रहे।
एसडीएम ने किया सेंटरों का निरीक्षण
पुवायां। एसडीएम सतीश चंद्रा ने मंगलवार को पुवायां और बंडा मंडी में कई सेंटर देखे। इस दौरान उन्होंने सेंटरों पर लगे गेहूं के ढेरियों का सत्यापन भी कराया। इसके बाद एसडीएम ने बंडा के सिंहापुर पनई और पोखरापुर सेंटरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सेंटरों पर तौल होती पाई गई।
कुछ सेंटर अभी स्वीकृत हुए हैं, लेकिन अभी लग नहीं सके हैं। जल्द ही सभी सेंटर लग जाएंगे, इसके बाद गेहूं बेचने में कोई समस्या नहीं होगी। - सतीश चंद्रा, एसडीएम पुवायां
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें