माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार कई वर्षों बाद छात्र-छात्राओं की संख्या में भारी गिरावट आई है। इस बार आई रिकार्ड कमी का मुख्य कारण आनलाइन अग्रिम पंजीकरण और बोर्ड के कड़े निर्देश और सख्ती माना जा रहा है। इसी सख्ती के कारण स्कूल संचालकों के हाथ-पांव फूल गए और वह मनमाने ढंग से फर्जीवाड़ा नहीं कर सके। जानकारी के अनुसार 16 मार्च से होने वाली परिषदीय परीक्षा में रिकार्ड 9,748 विद्यार्थी कम हुए हैं। बता दें कि इस बार की बोर्ड परीक्षा में कुल 81437 विद्यार्थी शामिल हाेंगे, जबकि वर्ष 2016 में 91185 परीक्षार्थी थे। छात्र संख्या कम होने से केंद्र भी 154 से घटकर 137 रह गए। अगर कक्षावार छात्र संख्या की बात करें तो हाईस्कूल में संस्थागत परीक्षार्थियों की संख्या 46,456 और व्यक्तिगत छात्रों की संख्या 561 है, जबकि इंटर में संस्थागत रूप से 32,973 और प्राइवेट 1447 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं।
32452 छात्राएं परीक्षा में होंगी शामिल
यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार 32,452 छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगी, जिसमें हाईस्कूल संस्थागत 18108 और 253 व्यक्तिगत तथा इंटर में 13479 संस्थागत और 612 प्राइवेट रूप से छात्राएं परीक्षा में बैठेंगी। जबकि कुल 48985 छात्र परीक्षा में बैठने जा रहे हैं। इसमें हाईस्कूल संस्थागत 28348 तथा 308 व्यक्तिगत और इंटर में 19494 रेगुलर एवं 835 प्राइवेट हैं।
137 परीक्षा केंद्र बनाए गए
बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 137 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें नौ राजकीय, 30 सहायता प्राप्त और 98 वित्तविहीन कॉलेज शामिल हैैं। तहसीलवार बात करें तो तहसील सदर में 36, जलालाबाद में 37, पुवायां में 28 और तिलहर में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें नौ राजकीय, 30 सहायता प्राप्त और 98 वित्तविहीन कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
कहां कितने कम हुए विद्यार्थी
तहसील सदर- हाईस्कूल में पिछले वर्ष की तुलना में 2143 विद्यार्थी कम हुए। वर्ष 2016 में इस तहसील में 14898 परीक्षार्थी थे, जबकि इस बार 12755 हैं। इसी तरह इंटर में 1099 विद्यार्थी कम हुए। गत वर्ष 9612 थे और अबकी बार 8513 हैं।
तहसील तिलहर- हाईस्कूल में पिछले वर्ष की तुलना में 933 विद्यार्थी कम हुए हैं। वर्ष 2016 में यहां 11206 परीक्षार्थी थे, जबकि इसबार 10273 हैं। इसी तरह इंटर में 360 विद्यार्थी कम हुए। पिछली बार 8064 थे और इसबार 7704 हैं।
तहसील पुवायां- इस क्षेत्र में हाईस्कूल में 2117 विद्यार्थी कम हुए। वर्ष 2016 में 11445 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जबकि इस वर्ष 9328 छात्र-छात्राएं परीक्षा में बैठेंगे।
तहसील जलालाबाद- इस तहसील में हाईस्कूल में 970 और इंटर में सर्वाधिक 2420 विद्यार्थी कम हुए हैं। हाईस्कूल में यहां वर्ष 2016 में 15631 परीक्षार्थी थे, जबकि 2017 में 14661 बैठेंगे। इंटर में गत वर्ष 13768 परीक्षार्थी थे और इस वर्ष यह संख्या घटकर 11348 रह गई है।
इंटर में पुवायां में बढ़ गए 294 विद्यार्थी
इस बार सिर्फ तहसील पुवायां में 294 छात्र-छात्राओं में बढ़ोेत्तरी हुई है। यहां गत वर्ष इंटर में 6581 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 6855 होे गई है।