शाहजहांपुर। हवा के दबाव में कमी आने के साथ मंगलवार को सुबह से आसमान बादलों से घिरा रहा। इससे दिन में अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री कम होकर 35.5 डिग्री सेल्सियस हो गया, लेकिन बादलों ने इतनी उमस पैदा कर दी कि लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिली।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार बुधवार को सुबह से बादलों की वजह से उमस बढ़ेगी, लेकिन इस दौरान बूंदाबांदी होने की संभावना बनी रहेगी।
सोमवार को सुबह से शाम तक मौसम साफ रहने के कारण तेज धूप निकलने से दिन और रात के तापमान में औसतन दो डिग्री की वृद्धि हो गई थी। बीती शाम बैरोमीटर की रीडिंग सामान्य से 11 अंक कम हुई और इसी के साथ बादल घने होने लगे। बारिश नहीं होने के कारण बादलों से इतनी उमस बढ़ी कि रात में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस हो गया।
सुबह सूर्योदय के कुछ देर बाद तक मौसम ठंडा रहा, लेकिन बाद में बादलों की झीनी चादर चीरकर हल्की धूप पसरी तो शाम तक आर्द्रता 85 से घटकर 28 प्रतिशत रह गई।
उमस से बचने के लिए ज्यादातर लोग दोपहर बाद तक घरों के अंदर रहे। केवल जरूरी कामों से जो लोग बाहर निकले वे अपने चेहरे और सिर को कपड़े, कैप, छाता आदि से ढंके रहे। इस वजह से बाजारों में भी दिन भर सन्नाटा पसरा रहा और शाम को थोड़ी चहल-पहल दिखाई दी। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि वायुदाब में कमी आने के बावजूद अभी तेज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन अब मानसून के बादल घने होने के हालात बनने लगे हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को दिन भर बादल छाए रहने से उमस बढ़ने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।