शाहजहांपुर। गर्रा और खन्नौत नदी के जलस्तर में कमी आने के बाद निचले इलाकों में जलभराव से निजात मिल गई है। सुभाषनगर मोहल्ले में जलस्तर खत्म होने से स्थिति सामान्य होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। दूसरी ओर लोधीपुर मोहल्ले में भी जलस्तर कम हुआ है।
सिंचाई विभाग से जारी बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार को शाम चार बजे तक गर्रा नदी खतरे के निशान से नीचे आ गई। जलस्तर कम होने से पानी से घिरा सुभाषनगर मोहल्ले को राहत मिल गई। वहां घराें के सामने से भरा पानी खत्म हो गया। हालांकि, निचले और खाली पड़े प्लाॅटाें में पानी भरा है।
दूसरी ओर लोधीपुर क्षेत्र में पार्षद रुपेश वर्मा अन्नू ने मच्छरों और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए लार्वा निरोधक दवा के छिड़काव और फॉगिंग का अभियान शुरू कराया। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जहां पानी कम हुआ है, वहां नगर आयुक्त को साफ-सफाई और एंटी लार्वा का छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ को भी कैंप लगाने के लिए कहा है। संवाद