डीएम के निर्देश पर जलनिगम के अफसरों ने जांच के लिए मौजमपुर गांव से पानी के नमूने लिए है। ग्रामीणों को अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है। मालूम हो कि गांव में लगातार लोग बीमार हो रहे हैं। सबसे ज्यादा कैंसर के रोगी सामने आ रहे हैं।
बता दें कि बृहस्पतिवार को बाढ़ क्षेत्र का भ्रमण करने आए डीएम नरेंद्र सिंह से ग्राम मौजमपुर निवासी आर्येंद्र कुमार ने शिकायत की थी कि गांव में डेढ़ वर्ष के अंतराल में मेवाराम, तुलासिंह, जवाहर सहित छह लोगों की कैंसर से मौत हो चुकी है। शिवसिंह आज भी कैंसर पीड़ित हैं। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम जलालाबाद सत्यप्रिय सिंह को जलनिगम/स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर पानी की जांच कराने के निर्देश दिए थे। ग्राम पंचायत नवादा तालुके बानगांव (मौजमपुर) के प्रधान सुभाष चंद्र वर्मा ने बताया कि कुछ अधिकारी गांव में आए थे। वे पानी के नमूने ले गए हैं।
मौजमपुर से जांच के लिए पानी के नमूने लेने के निर्देश जलनिगम के अधिकारियों को दिए गए थे। अभी जांच रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
- सत्यप्रिय सिंह, एसडीएम जलालाबाद