16 जुलाई को अमर उजाला में प्रकाशित खबर।
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की दिशा में कवायद शुरू की गई है। प्रमुख गेट पर चौकसी बढ़ाई गई, साथ ही सुरक्षा एजेंसी को चेतावनी दी गई है। ड्यूटी के दौरान मोबाइल पर रील देखने वाली महिला सुरक्षा गार्ड से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज में छात्रा की हत्या के अगले दिन राजकीय मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की गई थी। ओपीडी से लेकर ट्रॉमा सेंटर और मुख्य गेट पर सुरक्षा कर्मियाें की लापरवाही उजागर हुई थी। 16 जुलाई के अंक में खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई। इसका संज्ञान लेते हुए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्राचार्य डाॅ. राजेश कुमार से जवाब मांगा था। प्राचार्य ने महिला अस्पताल के गेट पर ड्यूटी के दौरान मोबाइल पर रील देखने वाली सुरक्षा गार्ड से स्पष्टीकरण तलब किया है। प्राचार्य के अनुसार, परिसर में चार महिला गार्ड समेत 46 सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर संबंधित एजेंसी को चेतावनी जारी की गई। निर्माणाधीन मुख्य द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया है। परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसी कैमरे क्रियाशील हैं, जिसके जरिये निगरानी की जाती है।