शाहजहांपुर में कटरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को डीएम और एसपी ने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। यह स्ट्रांग रूम तिलहर ब्लॉक स्थित जिला प्रशिक्षण अधिकारी परिसर में बनाया गया है।
शाहजहांपुर जनपद में कटरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के तहत पांच मई को मतदान कराया जाएगा, जबकि सात मई को मतगणना होगी। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को डीएम-एसपी से स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।
विज्ञापन
नवंबर 2025 में न्यायालय ने मीरानपुर कटरा नगर पंचायत के अध्यक्ष मुख्तियार अहमद मसूदी को नामांकन पत्र में आपराधिक रिकॉर्ड छुपाने का दोषी पाए जाने पर अयोग्य ठहराते हुए अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया को शून्य एवं अमान्य करते हुए पद रिक्त घोषित कर दिया है। इसके बाद उप चुनाव की तैयारी शुरू की गई थी।
यहां से रवाना की जाएंगी पोलिंग पार्टियां
मतदान प्रक्रिया को कराने के लिए तिलहर ब्लॉक स्थित जिला प्रशिक्षण अधिकारी, जिला ग्राम्य विकास संस्था परिसर में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। यहीं से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए स्ट्रांग रूम में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने एडीएम वित्त अरविंद कुमार, एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा व पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के साथ तिलहर पहुंचकर स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।
विज्ञापन
उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। डीएम ने स्ट्रांग रूम में चुनाव कार्मिकों के बैठने की व्यवस्था, टेबल-कुर्सियां, मतपेटियां, सीसी कैमरों की निगरानी, जलपान व्यवस्था तथा प्रत्याशियों के लिए निर्धारित स्थान का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।