जैतीपुर में मतदाता जागरुकता रैली निकालती छात्राएं । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जैतीपुर। कस्बे के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्रों ने बुधवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया।
उन्होंने लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया और मतदाता बनने के लिए भी जानकारी दी। रैली विद्यालय से होती हुई मुख्य मार्ग से अंदर गांव में घूमकर विद्यालय पर आकर समाप्त हुई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो’, ‘जन-जन की यही पुकार, वोट डालो अबकी बार’, ‘करें राष्ट्र का जो उत्थान, उसको करें हम मतदान’ आदि नारे लगाए।
इस दौरान छात्र-छात्राएं स्लोगन लिखी तख्ती लेकर चल रहे थे। छात्र-छात्राओं ने लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। साथ ही उनसे मतदान करने और 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर मतदाता बनने की जानकारी भी दी। रैली में अध्यापक तुलसीराम, सुनील कुमार, राहुल रुहेला, दीपक कुमार वाजपेयी, मोहम्मद शकील, रजनीश कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद