पॉवर कारपोरेशन के अवर अभियंता, ट्रांसमिशन के
एक्सईएन संजीव भास्कर से नाराज हैं। अपनी समस्याओं को लेकर जेई संवर्ग
एक्सईएन से वार्ता करने को पिछले दस दिन से प्रयासरत है लेकिन उन्हें बात
करने की फुर्सत नहीं मिल रही। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन
की बैठक में पदाधिकारियों ने यह मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए एक्सईएन के
रवैये पर निंदा प्रस्ताव पारित किया।
इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष
शैलेंद्र पांडेय ने कहा कि पैना के 220 केवी सब स्टेशन के यार्ड की देखभाल
को सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार मेंटीनेंस बजट भी देती है।
इन सबके बाद भी पैनलों की देखभाल में लापरवाही बरते जाने से वहां होने वाले
फाल्ट से शहर की बिजली सप्लाई चौपट होती है।
ऐसी दशा में एक्सईएन वहां के
जेई संवर्ग को ही जिम्मेदार ठहराकर खुद अपना ज्यादातर वक्त लखनऊ में गुजार
रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि बीते रविवार को पैना सब स्टेशन की 33 केवी
लाइन में फाल्ट से शहर के सारे सब स्टेशनों से घंटों बिजली सप्लाई ठप रही।
दिन ढले तक शहर अंधेरे में डूबा रहा लेकिन फाल्ट दूर करने में एक्सईएन की
मदद मांगे जाने पर पता चला कि वह परिवार के साथ लखनऊ में मौजूद हैं। इस
मौके पर पारित प्रस्ताव में कहा गया कि एक्सईएन भास्कर ने संगठन से मिलने
का समय नियत नहीं किया तो जेई संवर्ग उनके खिलाफ असहयोग आंदोलन छेड़ देगा।
बैठक में संगठन के जिला सचिव अरुण यादव, अलंकृत मिश्रा, जीडी जोशी आदि
मौजूद रहे।
तीन दिन पहले मिला है ज्ञापन
‘जेई संवर्ग का यह
कहना ठीक नहीं कि दस दिन से मिलने का समय नहीं दे पा रहा हूं। मुझे उनका
ज्ञापन तीन दिन पहले मिला है जिस पर वार्ता के लिए नियमानुसार समय दिया
जाएगा। पिछले एक सप्ताह से मैं खुद फाल्ट ठीक कराने में इतना व्यस्त रहा कि
वार्ता के लिए समय नहीं मिला।’
-संजीव भाकर, एक्सईएन ट्रांसमिशन, पॉवर कारपोरेशन