फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: पुलिस के सामने प्रधान के पति को ग्रामीणों ने पीटा

Sun, 29 Dec 2024 01:22 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। निगोही क्षेत्र के भटिउरा पृथ्वीपुर गांव में शनिवार को सुबह ग्राम पंचायत की भूमि पर कूड़ाघर और बरात घर बनाने का गांव के कुछ लोगों ने विरोध कर वहां झोंपड़ी डाल कर कब्जे का प्रयास किया। इस पर प्रधान चमेली देवी के पति रामअवतार वर्मा ने पुलिस बुला ली। पुलिस ने झोंपड़ी हटाकर वार्ता के लिए प्रधान के पति को मौके पर बुलाया। दूसरे पक्ष के ग्रामीणों ने प्रधान के पति पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
विज्ञापन

प्रधान के पति ने पुलिस को बताया कि ग्राम सभा की जमीन पर गांव के ही आठ-दस लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। सूचना पर गत 28 जनवरी को तहसील प्रशासन और पुलिस ने जमीन को कब्जा मुक्त करा कर ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दी थी। इस जमीन पर दोबारा कब्जे रोकने के लिए प्रधान ने गांव सभा की बैठक कर वहां कूड़ा घर और बरात घर बनाने का प्रस्ताव पास कराया। उन्होंने एस्टीमेट स्वीकृत कराने के साथ गत 18 दिसंबर से प्रस्तावित निर्माण कार्य शुरू करा दिया।
जमीन पर अवैध रूप से काबिज रहे लोग निर्माण कार्य का विरोध कर रहे थे। शनिवार को सुबह मजदूर-मिस्त्री जैसे ही कार्य करने पहुंचे, वहां कई विपक्षी भी आ गए। उसी जगह पर झोंपड़ी डालने लगे। सूचना मिलने पर प्रधान के पति ने डायल 112 पुलिस टीम को फोन करके बुला लिया। पुलिस ने वहां से झोंपड़ी हटवाकर प्रधान के पति को बुलाया तो पुलिस के सामने ही विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया।
विज्ञापन

सिर में चोट आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान उनको बचाने के लिए आए गांव के राकेश को विपक्षियों ने पीटना शुरू कर दिया। राकेश भागकर अपने घर में घुसे तो हमलावरों ने घर में घुसकर उनकी पत्नी रजनी देवी, पुत्र अनुराग और सनी को भी पीटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पुलिस टीम के सिपाही से भी धक्का-मुक्की की गई। गांव में हंगामा होने की जानकारी पाकर प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।
उन्होंने मौके पर जमा ग्रामीणों की भीड़ हटाकर घायलों को लेकर सीएचसी पहुंचे और उनका मेडिकल कराया। गांव का माहौल तनावपूर्ण देखते वहां पुलिस तैनात कर दी गई है। प्रधान के पति की हालत गंभीर देखते हुए डॉ. नितिन चौधरी ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने मारपीट के दौरान किसी सिपाही से अभद्रता किए जाने से इन्कार किया है। उन्होंने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार हमलावरों को चिह्नित कर उनकी तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें