कांट। मितेपुर गांव में जलजीवन मिशन के तहत एक वर्ष से ओवरहेड टैंक का निर्माण अधूरा होने से ग्रामीण स्वच्छ पेयजल के लिए तरस रहे हैं। करीब छह माह से ठेकेदार ने टंकी का निर्माण कार्य रोक रखा है, लेकिन कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश जलनिगम गांव में परियोजना का काम पूरा होने का दावा कर रही है। इस संबंध में ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की गुहार लगाई है।
मितेपुर में लगभग एक करोड़ रुपये की इस परियोजना का कार्य 27 अगस्त 2022 को शुरू हुआ था। घरों तक पानी पहुंचाने के लिए गांव के रास्तों पर पानी की पाइप लाइनें बिछाने, टंकी का निर्माण, मोटर कक्ष का निर्माण आदि कार्य 30 सितंबर 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
इसके विपरीत, निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद काम की गति धीमी बनी हुई है। टंकी का निर्माण पिछले करीब छह महीने से पूरी तरह बंद पड़ा है। गांव के हर घर तक पाइपलाइन भी नहीं बिछाई जा सकीं हैं। टंकी को भरने के लिए सोलर पैनल लगाने के लिए बनाए गए फाउंडेशन भी जस के तस खड़े हैं और उन पर आगे कोई काम नहीं हो रहा है।
गांव में कई किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई जानी हे, लेकिन अभी यह काम 50 फीसदी हो सका है। इसी परियोजना में 275 किलोलीटर क्षमता की 18 मीटर ऊंचे ओवरहेड टैंक का निर्माण होना है। डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने कहा है कि कार्य को तत्काल शुरू कराने के साथ जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। गांव के रवि कुमार, अनिल कुमार, विष्णु दयाल, रोशन सिंह, राजनाथ, सुरेंद्र सिंह आदि ग्रामीणों ने शिकायत की है।
हर घर जल योजना के अंतर्गत जिन ग्राम पंचायतों में कार्य अधूरा है या पूरा होने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं की गई, वहां पर शीघ्र काम कराया जाएगा। इस संबंध में सिंचाई मंत्री को अवगत कराएंगे।
- अरविंद सिंह, विधायक ददरौल