मदनापुर के मिनी स्टेडियम में बंद छुट्टा पशु। संवाद
मदनापुर। सड़क से लेकर खेत-खलिहानों में घूमते छुट्टा पशुओं से परेशान सिकंदरपुर कलां के ग्रामीणों ने मंगलवार को उन्हें फिर गांव के मिनी स्टेडियम में खदेड़कर बाहर से ताला जड़ दिया। करीब आठ घंटे बाद अधिकारी गांव पहुंचे, लेकिन समस्या का समाधान कराए बगैर लौट गए। स्टेडियम के अहाते में सुबह से बंद भूखे-प्यासे पशुओं की अधिकारियों ने कोई परवाह नहीं की।
बता दें कि खेतों में घुसपैठ कर फसलों का नुकसान कर रहे तमाम छुट्टा पशुओं को सिकंदरपुर के ग्रामीणों ने सोमवार को मिनी स्टेडियम में बंद कर दिया था। हालांकि, कुछ घंटे बाद इसी गांव के निवासी पीआरडी के एक जवान ने स्टेडियम का ताला तोड़कर पशु बाहर निकाल दिए थे। ग्रामीणों ने इस बात को लेकर पीआरडी जवान से नाराजगी भी जताई, लेकिन उसका कहना है कि स्टेडियम में सुरक्षा ड्यूटी करने वाले साथी पीआरडी जवान के कहने पर पशु बाहर निकाले।
जो भी हो, समस्या का समाधान नहीं होने पर किसानों ने मंगलवार को सुबह करीब आठ बजे गांव में घूम रहे छुट्टा पशु हांककर दोबारा स्टेडियम के अहाते में बंद कर दिए। जानकारी पाकर दोपहर दो बजे पशुधन प्रसार अधिकारी आशीष सिंह के साथ एडीओ पंचायत पंकज गंगवार सिकंदरपुर कलां पहुंचे और स्टेडियम में खदेड़े गए पशु बाहर निकलवाने के बजाय लौट गए।
प्रभारी निरीक्षक विश्व प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार को स्टेडियम में रखे गए पशुओं के बारे में निर्णय होगा। उन्होंने बताया कि विभाग से तहरीर मिलने पर पशुओं को स्टेडियम में बंद करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।