शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार के चिनौर निवासी दीपक शुक्ला की 37 वर्षीय पत्नी पिंकी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार सुबह उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सोशल मीडिया पर पिंकी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह पति और उसकी महिला मित्र को अपनी मौत का दोषी बता रहीं हैं। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
हरदोई के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र की रहने वालीं पिंकी शुक्ला की शादी 20 वर्ष पूर्व प्लाॅटिंग का काम करने वाले दीपक शुक्ला के साथ हुई थी। उनका एक 18 वर्षीय बेटा अंश है। पिंकी परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर रहतीं थीं। दीपक दो-तीन दिन से बाहर था। सोमवार सुबह दरवाजा न खुलने पर अंश ने मां को आवाज दी।
जवाब न मिलने पर दरवाजे पर धक्का मारा। अंदर देखा कि पिंकी का शव दुपट्टे से फंदे से लटका हुआ था। अंश की चीख-पुकार सुनकर चाचा रमेश व परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। कैंट चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि पिंकी की अपने पति से फोन पर कहासुनी हुई थी।
पिंकी ने पति से घर आने के लिए कहा तो उसने जरूरी काम से बाहर होने की बात कही थी। पुलिस ने पिंकी का मोबाइल कब्जे में ले लिया। इसमें एक वीडियो मिला है। वीडियो में पिंकी आरोप लगा रही है कि उसके पति के दूसरी महिला से संबंध है। इस कारण पति उनपर व उनके बेटे पर ध्यान नहीं देते हैं। महिला धमकी भी देती हैं। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने बताया कि मोबाइल में वीडियो मिला है। तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।