शाहजहांपुर में टूर्नामेंट की विजेता टीम विक्ट्री क्लब के खिलाड़ी को पुरस्कृत करते संजय गुप्ता
शाहजहांपुर। रजा स्पोर्टिंग के तत्वावधान में शहीदों की याद में आयोजित शाहजहांपुर क्रिकेट टूर्नामेंट प्राइजमनी क्रिकेट टूर्नामेंट में विक्ट्री क्लब ने आजम इलेवन को आठ रन से हराकर फाइनल जीत लिया। टीम के लिए आरिफ ने शानदार बल्लेबाजी कर जीत में अहम योगदान दिया।
कैंट स्थित मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विक्ट्री क्रिकेट क्लब ने 12 ओवर में 117 रन बनाए। टीम के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज आरिफ ने 24 गेंदों पर 61 रनों की पारी खेली। उन्होंने छह छक्के व चार चौके लगाए। दूसरी छोर से विकेटों का पतन जारी रहा, पर उनके बल्ले से बराबर रन निकलते रहे।
आजम इलेवन के गेंदबाज आयुष चौहान और रितेश ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजम इलेवन की टीम 12 ओवर में मात्र 110 रन ही बना सकी। टीम के लिए तरुन शर्मा ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए। विक्ट्री क्लब की ओर से फरमान और अशित शुक्ला ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
विजेता को मुख्य अतिथि समाजसेवी संजय गुप्ता, पार्षद तालिब खान, सोनल गुप्ता व श्रेया गुप्ता ने ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। मैच के अंपायर फैज अकरम व स्कोर सत्यम अंशुल रहे। कमेंट्री पंकज तिवारी व मयूर खन्ना ने की। इस मौके पर आयोजक खादिम फैज, नईम, कार्तिक, फैजान आदि का सहयोग रहा।