शाहजहांपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन कर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित राधाकांत मंदिर पर हुए हमले को लेकर नाराजगी जताई।
विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ता कचहरी रोड पर कलक्ट्रेट व एसपी ऑफिस के बीच एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। इस दौरान बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ नारे लगाए। इस बीच फूस से बनाए गए पुतले को आग के हवाले कर दिया। विहिप के जिला मंत्री राजेश अवस्थी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार किया जा रहा है। मठ-मंदिरों को तोड़ा जा रहा है।
बांग्लादेश में हिंदू की पूजा का केंद्र इस्कॉन के मंदिर पर हमला बोल दिया और दीवार तोड़कर अंदर घुस गए। मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे श्रद्धालुओं पर हमला बोला और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की गई। इससे विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। मंदिर पर हमला करने वाले लोगों पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन व पुतला दहन करने वालों में सत्येंद्र आढ़ती, श्रीओम गुप्ता, हरीश प्रजापति, गोविंद मिश्रा, केतन गुप्त, अंकित सिंह, अनिल वाजपेयी बाण, नरेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।