शाहजहांपुर में क्रिकेट लीग के दौरान मैन आफ द मैच को पुरस्कृत करते अतिथि। स्रोत: कॉलेज
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में मुमुक्षु क्रिकेट लीग में बृहस्पतिवार को दो मैच खेले गए। इसमें यूथ इलेवन व एसएसएमवी इलेवन की टीमों ने जीत दर्ज की। वरुण ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी के दम पर यूथ इलेवन को जीत दिलाई। वहीं, अनिल की शानदार बल्लेबाजी के बल पर एसएसएमवी की टीम ने जीत हासिल की।
पहले मैच में स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज की टीम यूथ इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने 16 ओवर में सात विकेट खोकर 198 रन बनाए। यूथ इलेवन के कप्तान अभिषेक दीक्षित ने 44 गेंदों पर चार छक्के और दस चौके जड़कर 92 रनों की पारी खेली।
वरुण कुमार ने 50 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसएसएलसी इलेवन की टीम 12.3 ओवर में 93 रन बनाकर आलऑउट हो गई। वरुण ने तीन विकेट चटकाए।
मैन ऑफ द मैच वरुण को चुना गया। दूसरा मैच स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज की टीम एसडीएस इलेवन व एसएसएमवी इलेवन के मध्य हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए एसएसएमवी ने 16 ओवर में छह विकेट खोकर 203 रन बनाए। एसडीएस इलेवन की टीम 10.2 ओवर में मात्र 54 रन बना सकी। 62 रन बनाने वाले अनिल सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। कमेंट्री डॉ. आलोक सिंह, डॉ. अंकित अवस्थी ने की।
कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव डॉ. अवनीश मिश्र, संजीव बंसल, प्रो. अजीत सिंह चारग, डॉ. प्रांजल शाही, डॉ.शालीन सिंह, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. रमेश चंद्रा आदि मौजूद रहे।