राजकीय मेडिकल कॉलेज में रोते-बिलखते नसीम के परिजन
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सिंजई निवासी अली मोहम्मद के 15 वर्षीय बेटे नसीम की बुधवार रात को राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। डॉक्टर पर रुपये लेने का आरोप भी लगाया है। पुलिस के पहुंचने के बाद परिजन शांत हुए और शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
पेट में दर्द होने के कारण नसीम को बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। शाम करीब नौ बजे नसीम की मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। परिजन से बात करने के साथ ही डॉक्टरों से भी वार्ता की। भाई वसीम ने आरोप लगाया कि भाई को पीलिया हो गया था।
उसे यहां भर्ती कराया था। खून देने के नाम पर रुपये वसूल लिए थे। डॉक्टर ने जांच के नाम पर रुपये लिए। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी डॉक्टर ने नहीं देखा। उसका आरोप है कि बाहर से दवा लिखी जा गई थी। सीओ सिटी सरवणन टी. ने बताया कि मृतक की दोनों किडनी खराब हो चुकी थीं। इसके चलते उसकी मौत हो गई।
डॉक्टरों द्वारा इलाज नहीं करने और रुपये लेने का आरोप निराधार है। यदि कोई लिखित शिकायत करता है तो जांच कराई जाएगी। -डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज