सिंधौली/शाहजहांपुर। क्षेत्र के चक कन्हऊ गांव निवासी 38 वर्षीय शिवकुमार उर्फ लल्ला की रविवार सुबह फर्रुखाबाद के कायमगंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शाहजहांपुर पोस्टमॉर्टम हाउस पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि शिवकुमार की मौत चार दिन पूर्व की गई मारपीट से हुई है।
परिजनों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पूर्व बलविंदर सिंह, कृपाल सिंह और सतनाम सिंह गांव के किनारे ग्राम समाज की तीन बीघा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने के उद्देश्य से नींव खोद रहे थे। ग्रामीणों ने विरोध किया तो लड़ाई-झगड़ा करने पर आमादा हो गए।
इस बीच पहुंचे शिवकुमार ने भी नींव खोदना अवैध बताया था। आरोप है कि तीनों ने लाइसेंसी बंदूक दिखाते हुए शिवकुमार को देख लेने की धमकी दी। आरोप है कि 27 मई की शाम करीब सात बजे शिवकुमार को दबंगों ने खेत पर घेरकर लाठी-डंडों से पीट दिया था। बलविंदर ने लाइसेंसी बंदूक की बट से पीटा। ग्रामीणों को आता देख भाग गए। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देते हुए घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
29 मई को एसपी सौरभ दीक्षित को दिए प्रार्थनापत्र के बाद तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। 30 मई को शिवकुमार कार चालक प्रमोद संग आगरा गए। रविवार सुबह फर्रुखाबाद जिले के थाना कायमगंज क्षेत्र के अलीगंज में तबीयत बिगड़ने पर उनकी मौत हो गई। वापसी में सिंधौली पुलिस ने शिवकुमार के शव को बरेली मोड़ से पोस्टमॉर्टम हाउस भिजवा दिया। यहां परिजनों ने हंगामा किया।
शव देखने के लिए परिजनों ने मोरचरी में घुसने की कोशिश की। साथ में आए लोगों ने रोका। इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज है। पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
एसआईटी से जांच कराने की मांग
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की एसआईटी से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। थाना प्रभारी को निलंबित करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की। परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी गर्भवती है। उसके दो बच्चे हैं। शिवकुमार की मौत से परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। ऐसे में मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष अथवा अन्य सरकारी योजनाओं के माध्यम से उचित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा प्रदान किया जाए।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर शिवकुमार के शव को देख बिलखते परिजन। स्रोत: वीडियो ग्रेब- फोटो : 1
पोस्टमॉर्टम हाउस पर शिवकुमार के शव को देख बिलखते परिजन। स्रोत: वीडियो ग्रेब- फोटो : 1