शाहजहांपुर। हनुमतधाम पर दूसरे समुदाय के युवक के साथ किशोरी को देखकर हंगामा हो गया। आरोप है कि युवक अपना नाम बदलकर किशोरी को गुमराह कर रहा था। मामले में किशोरी के पिता की ओर से आरोपी युवक के खिलाफ छेड़खानी समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
हनुमत धाम पर युवक नाबालिग किशोरी के साथ घूम रहा था। लोगों ने उन्हें देखकर हिंदू संगठनों को सूचना दी। संगठन के लोगों के साथ पुलिस मौके पर पहुंच गई। हिंदू संगठन के हंगामे के बाद पुलिस दोनों को पकड़कर पुलिस चौकी ले गई और पूछताछ की। यहीं पर किशोरी के पिता को बुला लिया।
आरसी मिशन क्षेत्र के एक मोहल्ले के रहने वाले किशोरी के पिता ने आरोपी अफजल उर्फ राजीव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें बताया कि उनकी बेटी की उम्र करीब 13 साल है। वह क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। दिन में करीब दो बजे बेटी हनुमतधाम रोड पर पार्किंग के पास पूर्व से परिचित युवक से मिलने गई थी। अफजल ने बेटी को अपना नाम राजीव बताया था। नाम छिपाने का बेटी ने विरोध किया। आरोप है कि युवक ने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी की।
हिंदू जागरण मंच के प्रांत विधि प्रमुख राजेश अवस्थी ने बताया कि जब तक ठोस कार्रवाई नहीं की जाएगी। तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार्रवाई की जाएगी।