तिलहर। लखनऊ–दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कपसेड़ा गांव से पहले फिरोजपुर गौंटिया गांव के पास मंगलवार को सुबह एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार, मृतक की आयु लगभग 35 वर्ष है और उसके शरीर से मटमैला लोअर और लाल रंग की जर्सी मिली है। उसकी पहचान कराने के लिए पुलिस ने आसपास के कई गांवों के ग्रामीणाें को मौके पर बुलाया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मृतक पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में घूमता दिख रहा था और वह मानसिक रूप से बीमार प्रतीत हो रहा था। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं और इसके लिए आसपास के थानों को भी सूचना भेज कर वहां से गुमशुदा लोगों का ब्योरा मांगा गया है। संवाद