अल्हागंज (शाहजहांपुर)। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर गुरदासपुर गांव के मोड़ के पास बुधवार देर रात ऑटो की टक्कर से बाइक सवार गांव समापुर निवासी कैलाश (28) और राकेश (40) की मौत हो गई। दोनों कोल्ड स्टोर में काम निपटाने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे।
परिजनों के अनुसार, कैलाश और राकेश घर से करीब तीन किलोमीटर दूर गुरदासपुर गांव स्थित एक कोल्ड स्टोर में काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार रात काम निपटाने के बाद रात करीब साढ़े 11 बजे राकेश, साथी कैलाश की बाइक से घर के लिए निकले। गुरदासपुर गांव के मोड़ पर पहुंचते ही पीछे से आए ऑटो से बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे कैलाश ने फर्रुखाबाद ले जाते समय दम तोड़ दिया। कैलाश हेलमेट लगाए हुए थे।
दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, ऑटो को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
सीओ जलालाबाद दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मृतक राकेश की पत्नी लक्ष्मी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हिरासत में लिए गए चालक से पूछताछ की जा रही है।
-
दो घरों के बुझे चिराग, सिर से उठा पिता का साया, बिलख पड़े मासूम
शाहजहांपुर। घर की माली हालत सुधारने और बच्चों के बेहतर भविष्य के सपने संजोकर कमाई करने निकले अल्हागंज के राकेश और कैलाश की बुधवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी असमय मौत ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पोस्टमाॅर्टम के बाद दोनों के पार्थिव शरीर गांव पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। हर आंख नम हो गई।
दो भाइयों में सबसे बड़े राकेश परिवार की रीढ़ थे। उनके भाई नेकराम ने बताया कि राकेश ने अपनी बड़ी बेटी कांति की शादी कर दी थी। उनके पीछे पत्नी लक्ष्मी पर बेटी पिंकी और तीन बेटों अजय, गोविंद और आयुष के पालन-पोषण और भविष्य की जिम्मेदारी आ गई है। वहीं पांच भाइयों में सबसे बड़े कैलाश की मौत से उनका हंसता-खेलता परिवार भी उजड़ गया।
छोटे भाई बलराम ने बताया कि भाभी सीतू गहरे सदमे में हैं और गुमसुम हो गई हैं। उनके सामने चार वर्षीय बेटे रीवांश और दो वर्षीय बेटे श्याम के पालन-पोषण की जिम्मेदारी आ गई है।
कैलाश की मौत से भाई बलराम, हरिओम, गोविंद, पवन और बहनें रेखा व प्रियंका बदहवास हैं। बूढ़े माता-पिता का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
अल्हागंज के समापुर गांव में मृतक कैलाश के रोते बिलखते परिजन। संवाद- फोटो : Samvad
अल्हागंज के समापुर गांव में मृतक कैलाश के रोते बिलखते परिजन। संवाद- फोटो : Samvad
अल्हागंज के समापुर गांव में मृतक कैलाश के रोते बिलखते परिजन। संवाद- फोटो : Samvad