शाहजहांपुर। बुकिंग कर कार लूटने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आठ मार्च को लूटी गई कार भी बरामद कर ली है। गिरोह का एक सदस्य भाग गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। गाजियाबाद के राजनगर सेक्टर 23 बसंत कुंज कॉलोनी निवासी नवीन सिंह ने आठ मार्च को रोजा थाने में पुलिस को बताया था कि सात मार्च को जितेंद्र नाम के एक व्यक्ति ने उसकी कार नोएडा से लखनऊ के लिए बुक की थी।
नवीन के मुताबिक जितेंद्र ने कार में उसकी पत्नी और बच्चों के जाने की बात भी बताई थी। कार बुकिंग के बाद जब वह अपनी कार से जितेंद्र व उसके परिवार को लेकर शाहजहांपुर स्थित मंडी समिति के पास स्थित एक होटल पहुंचा तो जितेंद्र ने चाय पीने के लिए गाड़ी रोकने की बात कही। कार रोककर नवीन नीचे उतरा लेकिन जितेंद्र और उसका परिवार कार में बैठा रहा। चाय पीने के बाद उसने देखा कि जितेंद्र और उसकी पत्नी सिमरन कार लेकर चले गए।
पुलिस नवीन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही थी। शनिवार को रोजा प्रभारी निरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में टीम ग्राम बरतारा के पास चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने गाड़ी में बैठे नरेंद्र चौधरी निवासी राजपुर तिलौटा जनसठ हाल पता टावर वाली गली गांधी नगर कुकडा, मुजफ्फरनगर, जितेंद्र की पत्नी सिमरन निवासी सुभाष नगर काशीपुर, उत्तराखंड को गिरफ्तार कर लिया। जितेंद्र भाग गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
आरोपियों ने बताया कि वे लोग कार बुक कर धोखाधड़ी से या फिर चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर गाड़ी लूट लेते हैं। इसके बाद कम दामों पर गाड़ी बेच देते हैं। एसपी एस. आनंद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी जितेंद्र की तलाश की जा रही है।