बृहस्पतिवार रात बिजली लाइन ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े दो लाइनमैन करंट लगने से झुलस गए। घटना से हड़कंप मच गया। तमाम लोग रात में ही पावर हाउस पहुंच गए और बिजली सप्लाई शुरू करने वाले की तलाश की, लेकिन वह मौका पाकर भाग गया। कोतवाल मनोज कुमार पुलिस बल के साथ पावर हाउस पहुंचे और लोगों को शांत किया। वहीं झुलसे दोनों बिजली कर्मचारियों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। झुलसे लाइनमैन की ओर से ड्यूटी पर मौजूद संविदा कर्मी के खिलाफ तहरीर दी गई है ।
रात 8.30 बजे लाइनमैन भीमसेन नगर के घेरचौवा तिराहे पर व दूसरा लाइनमैन प्रदीप नगर पालिका के पास खंभे पर चढ़ा लाइन ठीक कर रहा था। इसी दौरान अचानक सप्लाई शुरू हो जाने से दोनों लाइन लाइनमैन झुलस कर खंभे से नीचे गिर पड़े। बिजली की अचानक सप्लाई शुरू हो जाने से लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल दोनों कर्मियों को अस्पताल ले जाया गया। घायल प्रदीप ने बताया की पावर हाउस पर मौजूद संविदा कर्मचारी धनपाल से शटडाउन लिया था। शटडाउन वापस लेने से पूर्व ही उसने सप्लाई शुरू कर दी। इससे वे दोनों लोगों की जान संकट में पड़ गई। रात में ही थाने पर संविदा कर्मचारी के खिलाफ तहरीर दे दी गई है। उधर, सूचना पर तमाम लोग पावर हाउस पहुंच गए, लेकिन तब तक संविदा कर्मचारी भाग गया था। कोतवाल लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। जूनियर इंजीनियर अरुण यादव ने बताया की लाइन मैन अशोक ने एक अन्य लाइन पर शटडाउन लिया था, उसने अपना शटडाउन वापस कराया। इसी दौरान यह घटना घट गई। कर्मचारियों का आपसी विभागीय मामला है इसे सुलझा लिया जाएगा।