पुवायां/ मझिगवां। मामूली सी बात पर मझिगवां गांव में एक ही परिवार के दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों ओर से छह लोग घायल हो गए। एक पक्ष की महिलाएं आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर चीनी मिल परिसर में एसपी की गाड़ी के आगे खड़ी हो गईं। एसपी ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
गांव मझिगवां निवासी विपिन कुमार की पत्नी पिंकी देवी ने पुलिस को बताया कि 18 नवंबर की शाम सात बजे उनका देवर जितेंद्र नशे में उनके सामने अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर जितेंद्र, श्यामू, बबलू, गुलशन लाठी, डंडे लेकर आ गए और पीटने लगे। बचाने आई बहन मीना देवी और बहनोई विनोद, भाई दीपू को भी पीटकर घायल कर दिया। पिटाई के दौरान उनकी बहन का हार कहीं गिर गया जो काफी तलाश करने पर भी नहीं मिल सका। उधर, दूसरे पक्ष से ज्वाला प्रसाद की पत्नी सोनकली ने बताया कि 18 नवंबर की रात विनोद और विपिन की आपस में कहासुनी हो रही थी। कुछ देर बाद दीपू, सुनील, रजनीश, पिंकी आदि लाठी, डंडे लेकर आ गए और उनको पीटने लगे। उनके पुत्र जितेंद्र को भी पीटकर घायल कर दिया गया। आरोपियों ने उनके पुत्र की नाक भी दांतों से काटने का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर घायल हुआ है। इधर, पुलिस अधीक्षक के किसान सहकारी चीनी मिल के शुभारंभ पर पहुंचने की जानकारी पाकर पिंकी आदि मौके पर जा पहुंचीं और एसपी की गाड़ी के आगे खड़ी हो गई।
एसपी ने महिलाओं की समस्या सुनी और कोतवाली प्रभारी को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।