रौसर कोठी (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर जाम दिक्कत बढ़ती जा रही है। हुलासनगरा और रोजा रेलवे ओवरब्रिज पर पहले से जाम लग रहा था। अब हाईवे स्थित हरदोई बाईपास चौराहे पर जाम का नया प्वाइंट बन गया है। भइया दूज वाले दिन हरदोई बाईपास चौराहे करीब पांच घंटे जाम रहा था। बृहस्पतिवार को वहां करीब दो घंटे तक भीषण जाम रहा। इस दौरान चौराहे के चारों तरफ करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लगी रहीं। पुलिस को जाम खुलवाने में पसीना छूट गया। जाम खुलने के बाद देर रात तक वाहन रेंगते रहे।
हाईवे स्थित हरदोई बाईपास चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माणाधीन है। इसकी वजह से सड़क खुदी पड़ी है। वाहनों के निकलने के लिए सिंगल रोड बचा है। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे ओवरब्रिज से करीब पांच सौ मीटर दूर रोजा की आरे से खाद लेकर आने वाले ट्रैक्टर की ट्राली का टायर फट गया। ट्रैक्टर ट्राली खड़े होने से कुछ ही देर में रोड जाम हो गया। इससे वाहनों की लाइन हरदोई बाईपास तक जा पहुंची। वहां मौजूद सिपाहियों ने वाहनों को इधर-उधर से निकलवाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली और कुछ ही देर में पूरा चौराहा जाम हो गया। इसके बाद चौराहे के चारों ओर करीब तीन किलोमीटर तक लाइनें लगती चली गईं। इसका पता लगने पर थाना रामचंद्र मिशन प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह व दरोगा पवन सिंह टीम के साथ मौके पर जा पहुंचे। पुलिस वाले करीब बेतरतीब खड़े वाहनों को इधर-उधर करके आगे पीछे कराते रहे तब कहीं जाकर ट्रैफिक आगे बढ़ सका। इसके बाद जाम खुल सका। उधर, रोजा चीनी मिल को जाने वाली गाड़ियां इसी चौराहे से होकर गुजर रही थीं। इन ट्रॉलियों के चौराहे से होकर जाने की वजह से बार-बार जाम लग जा रहा था, जिसे पुलिस खुलवा देती थी। इसकी वजह से देर रात तक वाहन रेंगकर चलते रहे।
हाईवे पर ट्राली के पहिया का टायर फटने की वजह से जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने मशक्कत करके खुलवा दिया। ओवरब्रिज का निर्माण चलने और रोड खुदा होने की वजह से जाम की समस्या पैदा हो जाती है।
- संजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक, थाना रामचंद्र मिशन