फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाढ़ में बहे दो दोस्त: शाहजहांपुर में रील बनाते वक्त हुआ हादसा, तीन युवकों को लोगों ने बचाया

Mon, 08 Sep 2025 01:32 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर

सार

शाहजहांपुर में बाढ़ के दौरान रील बनाना दो दोस्तों को भारी पड़ गया। दोनों बाढ़ के तेज बहाव में बह गए। इनका पता नहीं चला है। गोताखोर दोनों की तलाश कर रहे हैं। 
विज्ञापन
कमल और रिंकू - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर में सुभाषनगर रिंगरोड पर राईखुर्द गांव के पास रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बाढ़ के दौरान रील बना रहे दो दोस्त बह गए। उनके तीन साथियों को लोगों ने बचा लिया। पीएसी और एसडीआरएफ की टीम स्थानीय गोताखोरों के साथ दोनों दोस्तों की तलाश में जुटी, लेकिन देर शाम तक उनका कुछ पता नहीं चला।
विज्ञापन


तिलहर थाना क्षेत्र के घुसवारी का कमल कुमार (17) अपने गांव के रहने वाले अपने दोस्त रिंकू (19), वीरेंद्र, ब्रजेश और छोटे के साथ शाहजहांपुर में आई बाढ़ देखने आया था। बाइकों से यहां पहुंचने के बाद वे सभी नगरिया मोड़ से होते हुए थाना सदर बाजार क्षेत्र में सुभाषनगर रिंगरोड पर राईखुर्द गांव के पास पहुंच गए। यहां गर्रा नदी से आए पानी में सभी दोस्त मौजमस्ती करते हुए रील बनाने लगे।

यह भी पढ़ें- Bareilly News: बाढ़ से कटी सड़क के नीचे पानी में मिली बाइक और चप्पलें... पूर्व फौजी लापता, डूबने की आशंका
विज्ञापन


कमल पानी में तैरते हुए रिंकू से रील बनवाने लगा। इसी बीच कमल डूबने लगा तो रिंकू उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा। वह भी डूबने लगा तो अन्य तीनों दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया। वे लड़खड़ाए तो शोरशराबा सुनकर इकट्ठे हुए लोगों ने उन्हें बचा लिया। काफी प्रयास के बावजूद कमल और रिंकू बह गए।

दोनों की तलाश में जुटी टीमें 
सूचना पर पहुंचे एसपी राजेश द्विवेदी ने पीएसी और एसडीआरएफ की टीम बुलवाई। दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक दोनों का कुछ पता नहीं चल सका। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि रील बनाने के दौरान दोनों डूबे हैं। टीमें दोनों की तलाश कर रही हैं।

दोस्तों को वापस खींच लाया काल
दोस्त वीरेंद्र ने बताया कि बाढ़ देखने के बाद वे सभी लोग वापस चल दिए थे, लेकिन नगरिया से पहले अचानक कमल और रिंकू फिर बाइक मोड़कर वापस आ गए। तभी वीडियो बनाने के दौरान हादसा हो गया। एक दोस्त डूबने लगा तो दूसरा उसे बचाने गया। वह भी डूबने लगा और दोनों पानी में बह गए।

कक्षा नौ का छात्र है कमल
परिजनों ने बताया कि कमल चार भाइयों में सबसे छोटा है। उसके दो भाई तिलहर के कपसेड़ा गांव स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं। उसके बाढ़ में बहने की खबर से कमल की मां व बहनें बेसुध हो गईं। रिंकू के परिजनों ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे छोटा है, उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। वे उसकी सलामती की प्रार्थना करते रहे।

20 प्वाइंटों पर पुलिस कर रही निगरानी
बाढ़ में नहाने के दौरान हो रही घटनाओं को लेकर एसपी राजेश द्विवेदी ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एसपी ने 20 प्वाइंटों को चिह्नित कर बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के थानों की पुलिस को निगरानी करने के लिए कहा है ताकि किसी प्रकार का हादसा न हो। बाढ़ में लोग मौजमस्ती कर रहे हैं, नदी से छलांग लगा रहे हैं। ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं।

एसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि खिलवाड़ बिल्कुल न करें। प्रशासन हर स्तर पर लोगों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है, लेकिन जनता का सहयोग भी जरूरी है। पुलिस लगातार लोगों को समझा रही है कि वे बच्चों को नदी व तालाब के आसपास न जाने दें।
 
विज्ञापन

ये हो चुकीं घटनाएं
- 6 अगस्त 2025 : रील बनाने के चक्कर में भूरे नाम के युवक ने खन्नौत नदी में छलांग लगा दी थी। चौथे दिन उसका शव आरसी मिशन थाना क्षेत्र में मिला था।

- 24 जून 2024 : थाना जलालाबाद के कोलाघाट पुल पर रील बनाते समय एक यूट्यूबर का सिर रेलिंग से टकराने से मौके पर ही मौत हो गई थी। बाइक पर पीछे बैठा युवक का दोस्त घायल हो गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें