मोहम्मद साहिद का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
अल्हागंज (शाहजहांपुर)। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर बुधवार की शाम हुए तीन सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीलीभीत के थाना जहानाबाद क्षेत्र के डांग गांव के रहने वाले 23 वर्षीय मोहम्मद शाहिद मजदूरी करते थे। वह बुधवार को मजदूरी करने के लिए मध्य प्रदेश जा रहे थे। उनके साथ बरेली के थाना बहेड़ी क्षेत्र के पिंदारी गांव निवासी मुस्तकीम और अभय चंद्र भी थे। जैसे ही वह बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर सुगसुगी मोड़ के पास पहुंचे। तभी कंटेनर से उनकी बाइक टकरा गई।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को जलालाबाद सीएचसी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद मोहम्मद शाहिद की गंभीर हालत को देख राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह छह भाइयों में तीसरे नंबर पर थे।
वहीं, दूसरा हादसा वजीरपुर मोड़ पर हुआ। किसी वाहन की टक्कर लगने से पैदल घर के लिए जा रहे 55 वर्षीय घनश्याम की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह डीसीएम चालक के सहायक थे। बुधवार शाम करीब साढ़े बजे कोयला गांव के पास मिश्रा ढाबा पर डीसीएम खड़ी करने के बाद घनश्याम अपने घर के लिए जा रहे थे।
परिजनों ने बताया कि उनकी शादी नहीं हुई थी। वहीं, रामपुर मोड़ पर बाइक की टक्कर लगने से कोयला गांव के रहने वाले साइकिल सवार सालिगराम घायल हो गए। ज्ञानपुर गांव के बाइक चालक गोविंद भी घायल हुए हैं। दोनों को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने बताया कि तीन हादसों में दो लोगों की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।